पर्यटन, संस्कृति और आधुनिक विकास से रूबरू हुईं महिला पत्रकार, यात्रा को बताया प्रेरणादायक और यादगार
कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार की पहल और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की सोच के तहत कोरबा सहित तीन जिलों की महिला पत्रकारों को आंध्रप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन एवं सांस्कृतिक शहर विशाखापट्टनम के शैक्षणिक एवं पर्यटन भ्रमण का अवसर मिला। इस यात्रा को महिला पत्रकारों ने अपने जीवन का प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक और अविस्मरणीय अनुभव बताया है।
इस विशेष भ्रमण में श्रीमती राजश्री गुप्ते, लालिमा शुक्ला, गीतिका वैष्णव, ममता साहू, कुंती कुमार, निर्मला शर्मा, प्रीति यादव, निशा मसीह, जूही कोरिया और सरिता ध्रुव सहित कई महिला पत्रकार शामिल रहीं।
यात्रा से लौटने के बाद महिला पत्रकारों ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार और प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन की संवेदनशील सोच और प्रोत्साहन के कारण उन्हें यह अनूठा अवसर मिला, जिसने उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली को नई दिशा देने का काम किया है।
महिला पत्रकारों ने बताया कि विशाखापट्टनम पहुंचते ही समुद्र, पहाड़ियों और स्वच्छ वातावरण ने उन्हें बेहद प्रभावित किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध ऋषिकोंडा बीच का दौरा किया, जहां समुद्र की लहरों और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच बिताए गए पल उनके लिए यादगार बन गए। उन्होंने कहा कि व्यस्त दिनचर्या और लगातार जिम्मेदारियों के बीच यह यात्रा मानसिक शांति और नई ऊर्जा देने वाली साबित हुई।
भ्रमण के दौरान महिला पत्रकारों ने प्रसिद्ध डॉ. रामानायडू फिल्म सिटी का भी दौरा किया। यहां उन्होंने फिल्म निर्माण की प्रक्रिया, शूटिंग सेट और तकनीकी व्यवस्थाओं को करीब से देखा। पत्रकारों ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद रोचक और ज्ञानवर्धक रहा।
यात्रा के प्रमुख आकर्षणों में बोरा केव्स भी शामिल रहीं। पहाड़ों के बीच स्थित इन प्राकृतिक गुफाओं की विशालता और अद्भुत संरचना ने सभी को रोमांचित कर दिया। इसके अलावा कॉफी प्लांटेशन, कैलाशगिरी, ग्लास ब्रिज, विभिन्न व्यू पॉइंट्स और भगवान भोलेनाथ के 65 फीट ऊंचे त्रिशूल का भी अवलोकन किया गया।
महिला पत्रकारों ने चॉकलेट फैक्ट्री और बॉटनिकल गार्डन का भ्रमण भी किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के औद्योगिक और प्राकृतिक स्थलों के भ्रमण से नई जानकारियां प्राप्त होती हैं तथा विभिन्न क्षेत्रों की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है।
यात्रा से लौटने के बाद महिला पत्रकारों ने मंत्री लखनलाल देवांगन से सौजन्य मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह भ्रमण केवल पर्यटन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को मजबूत करने वाली यात्रा रही।
महिला पत्रकारों ने छत्तीसगढ़ सरकार की महिला सशक्तिकरण संबंधी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, स्व-सहायता समूह और पत्रकारिता सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।
अंत में महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री और मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की अविस्मरणीय यादों में हमेशा शामिल रहेगी और भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक भ्रमण आयोजित किए जाने चाहिए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

