कोरबा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में 30 हैंडपंप खनन कार्य के टेंडर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आरोप है कि नगर पालिका में बढ़ते राजनीतिक हस्तक्षेप और चहेते ठेकेदारों को काम दिलाने की कोशिश के कारण विवाद की स्थिति निर्मित हुई है। ठेकेदार प्रदीप अग्रवाल ने टेंडर वापस लेने के लिए दबाव और धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए चक्काजाम की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका द्वारा 30 हैंडपंप खनन कार्य के लिए टेंडर जारी किया गया था, जिसमें कई ठेकेदारों ने भाग लिया। आरोप है कि कुछ लोगों की मंशा अपने करीबी लोगों को काम दिलाने की थी। इसी बीच ठेकेदार प्रदीप अग्रवाल द्वारा भी टेंडर जमा किए जाने के बाद विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि समय पर टेंडर जमा होने के बावजूद उसे खोलने में आनाकानी की गई।
मामला बढ़ने पर शिकायत संयुक्त संचालक तक पहुंची।
बताया गया कि उनके हस्तक्षेप और फटकार के बाद टेंडर खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ी, लेकिन तब तक संबंधित इंजीनियर कार्यालय से जा चुके थे। इसके बाद प्रक्रिया अगले दिन के लिए टाल दी गई।
सूत्रों के अनुसार विवाद को सुलझाने के लिए भाजपा से जुड़े कुछ लोगों ने भी हस्तक्षेप किया। मामला ठेकेदार संघ तक पहुंच गया। आरोप है कि एक भाजपा समर्थित ठेकेदार पर टेंडर वापस लेने का दबाव बनाया गया, जबकि वह पात्रता पूरी कर रहा था। इससे आहत होकर ठेकेदार प्रदीप अग्रवाल ने बांकीमोंगरा ठेकेदार संघ के अध्यक्ष हनुमान पांडेय से बैठक बुलाने की मांग की है। उन्होंने जान से मारने की धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है।
हालांकि बाद में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई, लेकिन पूरे घटनाक्रम को लेकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि नगर पालिका का संचालन सीएमओ कर रहे हैं या किसी और के इशारे पर काम हो रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
