कोरबा। जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत 21 मई से 24 मई 2026 तक जिलेभर में ‘‘नुक्कड़ नाटक सह एलईडी वैन’’ का संचालन किया जाएगा।
जनगणना अधिकारी ओंकार यादव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को जनगणना के महत्व एवं प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना है। यह एलईडी वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर हाट-बाजार, ग्राम पंचायत सभाओं, मेलों, बड़े स्कूलों, धार्मिक स्थलों एवं सुशासन तिहार जैसे आयोजनों में नुक्कड़ नाटक और डिजिटल माध्यम से जानकारी देगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 मई को वैन पोड़ीउपरोड़ा, कटघोरा तहसील एवं नगर पालिका परिषद कटघोरा क्षेत्र में पहुंचेगी। 22 मई को पाली, हरदीबाजार, दीपका, दर्री एवं छुरीकला क्षेत्रों में अभियान चलाया जाएगा। वहीं 23 मई को नगर पालिक निगम कोरबा के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और आवासीय परिसरों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान के अंतिम दिन 24 मई को वैन भैसमा, करतला और बरपाली क्षेत्रों का भ्रमण करेगी।
प्रशासन द्वारा संबंधित तहसीलदारों,नगर पालिका अधिकारियों एवं आयुक्तों को अभियान के सफल संचालन के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एलईडी वैन की सुरक्षा एवं रात्रि विश्राम की जिम्मेदारी संबंधित थाना क्षेत्रों को सौंपी गई है।
अभियान के लिए योगेश साहू को नुक्कड़ नाटक एवं एलईडी वैन का प्रभारी बनाया गया है, जबकि जिला स्तर पर समन्वय के लिए जिला मास्टर ट्रेनर विजय शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
