सुशासन तिहार बना किसानों के लिए राहत का माध्यम, राजकुमार को मिला विद्युत पंप

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में आयोजित सुशासन तिहार 2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम देवलापाठ में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम फुलझर निवासी कृषक राजकुमार पटेल को सिंचाई के लिए विद्युत पंप प्रदान किया गया, जिससे उनके चेहरे पर खुशी लौट आई।

कृषक राजकुमार पटेल वर्षों से लगभग एक एकड़ भूमि में धान और सब्जी की खेती कर रहे हैं। उनके दोनों पुत्र भी खेती कार्य में सहयोग करते हैं। पर्याप्त संसाधन होने के बावजूद सिंचाई की समस्या के कारण खेती प्रभावित हो रही थी। कुएं और सीमित साधनों पर निर्भरता के चलते उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

शिविर में राजकुमार पटेल ने अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें 1.5 एचपी का विद्युत पंप उपलब्ध कराया गया। पंप मिलने के बाद उन्होंने कहा कि अब सिंचाई का कार्य आसान हो जाएगा और खेती को नई गति मिलेगी।

उन्होंने सुशासन तिहार की सराहना करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन स्वयं गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। राजकुमार पटेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार भी व्यक्त किया।