कोरबा। ग्राम पंचायत भिलाई बाजार के ग्रामीणों ने एसईसीएल गेवरा परियोजना में हो रही हैवी ब्लास्टिंग से जनहानि की आशंका जताते हुए जिला कलेक्टर को शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
समाजसेवी प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में दिए गए आवेदन में कहा गया है कि परियोजना क्षेत्र के नजदीक लगातार हो रही भारी ब्लास्टिंग से ग्रामीणों का जीवन खतरे में पड़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार ब्लास्टिंग के कारण कई मकानों की छत, सिलिंग और दीवारों में दरारें आ गई हैं। कई घर जर्जर स्थिति में पहुंच चुके हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में भी ब्लास्टिंग के प्रभाव से कई अप्रिय घटनाएं हो चुकी हैं और ग्रामीण चोटिल हुए हैं, लेकिन एसईसीएल प्रबंधन हर बार ब्लास्टिंग को निर्धारित सीमा के भीतर बताकर अपनी जिम्मेदारी से बचता रहा है।
ग्रामीणों ने हाल ही में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सिलिंग गिरने की घटना को भी गंभीर खतरे का संकेत बताया है।
आवेदन में कहा गया कि लंच समय के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की सिलिंग अचानक गिर गई। सौभाग्य से उस समय डॉक्टर और कर्मचारी वहां मौजूद नहीं थे, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।
ग्रामीणों ने कहा कि पूरे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है तथा लोग दहशत में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।


Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
