कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के गोपालपुर में जमीन विवाद ने शुक्रवार रात उग्र रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार गोपालपुर में जमीन के एक छोटे से हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।
शुक्रवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सड़क पर दोनों ओर से लाठी-डंडों के साथ मारपीट शुरू हो गई। घटना में महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं और वे भी विवाद में शामिल नजर आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक काफी देर तक सड़क पर हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बावजूद किसी भी पक्ष ने थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आपसी स्तर पर मामला सुलझाने की कोशिश में जुटे हैं।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विवाद का समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में फिर तनाव की स्थिति बन सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
