न्यूनतम वेतन और ओवरटाइम भुगतान की मांग, हजारों मजदूरों ने गेट नंबर-2 पर खोला मोर्चा
कोरबा।एनटीपीसी कोरबा में बुधवार को ठेका मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा। अपनी मांगों को लेकर हजारों मजदूर गेट नंबर-2 पर एकत्र हो गए और काम पूरी तरह ठप कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे ‘चक्काजाम’ जैसी स्थिति बन गई।
विभिन्न निजी कंपनियों के तहत कार्यरत मजदूर अब आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं। अचानक हुए इस प्रदर्शन से एनटीपीसी प्रबंधन में हड़कंप मच गया। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रबंधन और पुलिस ने स्थिति को शांत करने के प्रयास में कुछ श्रमिक प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बुलाया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकलने पर अधिकांश मजदूर गेट के बाहर ही डटे रहे।
मजदूरों का कहना है कि उन्हें केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन नहीं दिया जा रहा है और 8 घंटे से अधिक काम कराने के बावजूद ओवरटाइम का भुगतान भी नहीं किया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार उनका आर्थिक शोषण हो रहा है और सुविधाओं के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिलते हैं।
हालांकि कई मजदूर प्रबंधन के दबाव के चलते खुलकर बोलने से बचते दिखे, लेकिन काम बंद कर हड़ताल पर बैठना उनके गुस्से को साफ दर्शाता है।
फिलहाल एनटीपीसी परिसर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है, वहीं मजदूरों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















