कोरबा।औद्योगिक नगरी कोरबा में नशे और तेज रफ्तार का खतरनाक मेल देखने को मिला, जब एक बेकाबू कार ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। इस हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं सुनालिया चौक स्थित एक दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की कार ट्रांसपोर्ट नगर से पुराने शहर की ओर तेज रफ्तार में आ रही थी। वाहन की लहराती चाल को देखकर ही लोगों को अंदेशा हो गया था कि चालक नियंत्रण खो चुका है।
इसी दौरान कार ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी और उसे घसीटते हुए सुनालिया चौक स्थित मोबाइल दुकान के शटर को तोड़कर अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बाइक सवार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद कार में सवार तीन युवक नशे की हालत में बाहर निकले, जिन्हें देखकर स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। भीड़ युवकों की पिटाई करने ही वाली थी कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों को सुरक्षित हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, जिससे उनके नशे में होने की पुष्टि हो सके। वहीं दुकान संचालक को इस हादसे में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

