गेवरा में तेज हवा से गिरा होर्डिंग, लोगों में दहशत
कोरबा।कोरबा जिले में शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। आसमान में घने बादल छाने के बाद शुरू हुई बारिश ने पूरे वातावरण को ठंडा और सुहावना बना दिया।
बारिश के दौरान कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान का असर देखने को मिला। तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने से कुछ देर के लिए भय का माहौल भी बन गया।
हालांकि किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर लोग सतर्क नजर आए।
तेज हवा के कारण कई स्थानों पर कमजोर पेड़ उखड़ गए और टहनियां टूटकर गिर पड़ीं। वहीं, एसईसीएल गेवरा स्टेडियम के बाहर लगा एक विज्ञापन होर्डिंग तेज हवा का दबाव नहीं झेल सका और अचानक गिर गया। होर्डिंग गिरने की तेज आवाज से आसपास मौजूद लोग घबरा गए, हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
मौसम में आए इस बदलाव के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह के बदलाव की संभावना जताई है। प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















