तेज रफ्तार बनी मौत का कारण, सड़क हादसे में युवक की मौत, एक गंभीर

कोरबा।दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगानगर-कुसमुंडा मार्ग पर शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना शाम करीब 4 बजे कुसमुंडा बायपास मार्ग पर गंगानगर के पास हुई। होंडा साइन मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक सामने से आ रहे वाहन से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल चला रहे अंकित शर्मा (24 वर्ष) के सिर पर गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक अंकित शर्मा गेवरा खदान क्षेत्र की एक निजी कंपनी में सरफेस माइनर हेल्पर के पद पर कार्यरत था और गरुड़ नगर कॉलोनी, गेवरा का निवासी था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार तेज थी, जिससे वह अनियंत्रित होकर सामने वाले वाहन से टकरा गई।

हादसे में घायल मोनू यादव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोरबा रेफर किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।