हनुमान जयंती कार्यक्रम में बड़ा हादसा,काली माता बनी महिला आग की चपेट में आई, बचाने गए दो साथी भी घायल; हालत गंभीर

कोरबा।कोरबा में हनुमान जयंती कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। करतब दिखाने के दौरान आग की चपेट में आने से एक महिला सहित तीन कलाकार गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भिलाई रेफर किया गया है।

घटना रजगामार चौकी क्षेत्र के मेन क्लब एरिया की है, जहां हनुमान सेवा समिति द्वारा जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दिन में पूजा-पाठ और भंडारे के बाद शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे।

शोभायात्रा के दौरान दुर्ग से आए कलाकार देवी-देवताओं का रूप धारण कर करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान काली माता का रूप धारण किए एक महिला कलाकार आग के करतब के समय अचानक लपटों की चपेट में आ गई। आग लगते ही वह घबरा कर इधर-उधर भागने लगी।

महिला को बचाने के प्रयास में उसके दो साथी भी आगे आए, लेकिन वे भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और तीनों घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भिलाई रेफर कर दिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में चिंता और आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।