बालको टाउनशिप में ‘फॉरेस्ट वॉकवे’ का उद्घाटन, प्रकृति संग सेहत को बढ़ावा

कोरबा-बालकोनगर।भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा टाउनशिप में विकसित ‘बालको फॉरेस्ट वॉकवे’ का उद्घाटन कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने किया। इस अवसर पर लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा मनीषा कुमार, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और व्यावसायिक साझेदार मौजूद रहे।

करीब 785 मीटर लंबे इस फॉरेस्ट वॉकवे को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां टहलने वाले लोग हर कदम पर प्रकृति की विविधता का अनुभव कर सकें। वॉकवे के दोनों ओर विभिन्न प्रजातियों के पेड़ लगाए गए हैं, जो न केवल हरियाली बढ़ाते हैं बल्कि वातावरण को शुद्ध और शांत बनाते हैं।

बालको प्रबंधन के अनुसार यह फॉरेस्ट वॉकवे केवल एक रास्ता नहीं, बल्कि एक सोच है, जो लोगों को प्रकृति के करीब लाने और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करता है। टाउनशिप में चल रहे सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों के तहत इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

सीईओ एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि यह वॉकवे कंपनी की पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ बिताया समय न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक शांति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को भी बढ़ाता है।

इस अवसर पर वॉकवे निर्माण में योगदान देने वाले कर्मचारियों और बिजनेस पार्टनर्स की सराहना की गई।

बालको प्रबंधन ने भविष्य में भी टाउनशिप में ऐसे विकास कार्य जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि नागरिकों को स्वस्थ और सुंदर वातावरण मिल सके।