श्रीमद् भागवत कथा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति से ही मिलती है मुक्ति: पं. देव कृष्ण शर्मा

कोरबा। रविशंकर शुक्ल नगर में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु कथा श्रवण और संकीर्तन का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

कथा व्यास पंडित देव कृष्ण शर्मा ने प्रवचन के दौरान कहा कि श्रीमद् भागवत संपूर्ण विश्व के कल्याण का सर्वोत्तम माध्यम है। इसमें भगवान की लीलाओं, अवतारों और भक्तों के जीवन का विस्तृत वर्णन है, जो मनुष्य को भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और तप की ओर प्रेरित करता है।

उन्होंने बताया कि भागवत श्रवण का वास्तविक पुण्य यही है कि मनुष्य भगवान का सच्चा भक्त बने और अपने जीवन को भागवत पारायण बनाए। भक्ति के माध्यम से ही व्यक्ति मुक्ति और सद्गति का अधिकारी बन सकता है।

पंडित शर्मा ने ध्रुव जी की कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि मात्र 5 वर्ष की आयु में उन्होंने भगवान को प्राप्त किया था। भगवान अपने भक्तों के प्रति अत्यंत दयालु होते हैं और उनके सम्मान की रक्षा के लिए खंभे से भी प्रकट हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि भक्ति हर किसी के हृदय में स्वतः प्रवेश नहीं करती, इसके लिए पवित्र भावनाओं और सच्चे समर्पण की आवश्यकता होती है। भागवत महापुराण केवल भगवान की कथा नहीं, बल्कि उनके भक्तों के आदर्श जीवन का भी वर्णन है।

साहू परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रीमती अनीता साहू एवं बायचंद साहू यजमान के रूप में भाग ले रहे हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से प्रतिदिन कथा श्रवण में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।