भक्ति के बीच ईमानदारी की मिसाल, 3 लाख का सोने का चेन लौटाकर महिलाओं ने जीता दिल

कोरबा।ग्राम ढपढप में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान एक प्रेरक घटना सामने आई, जिसने भक्ति के बीच ईमानदारी और संस्कार की अनूठी मिसाल पेश की। आदर्श नगर निवासी प्रीति मिश्रा और रेणु गुप्ता ने लगभग 3 लाख रुपए कीमत का सोने का चेन उसके मालिक तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया।

जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं कथा स्थल पर श्रद्धा भाव से उपस्थित थीं, तभी उन्हें परिसर में एक सोने का चेन मिला। उन्होंने बिना किसी लालच के उसे सुरक्षित लौटाने का निर्णय लिया। इस संबंध में उन्होंने कुसमुंडा क्षेत्र के पत्रकार ओम गवेल से संपर्क कर पूरी जानकारी दी।

अगले दिन दोनों महिलाएं स्वयं चेन लौटाने कथा स्थल पहुंचीं, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण वे पंडाल तक नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद पत्रकार ओम गवेल ने जिम्मेदारी निभाते हुए आयोजन समिति से संपर्क किया और चेन को सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द कर दिया।

बताया जा रहा है कि यह चेन करीब दो तोला वजनी है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपए आंकी गई है। इतनी बड़ी राशि का आभूषण बिना किसी स्वार्थ के लौटाना समाज में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों का मजबूत उदाहरण है।

यह घटना कथा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों ने प्रीति मिश्रा, रेणु गुप्ता और ओम गवेल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

जहां एक ओर कथा स्थल पर आभूषण चोरी की घटनाओं से चिंता का माहौल बना हुआ था, वहीं इस सकारात्मक घटना ने मानवता और सच्चाई पर विश्वास को और मजबूत किया है।

यह घटना यह भी दर्शाती है कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं होती, बल्कि वह हमारे आचरण और कर्मों में भी झलकती है।