जोड़ा पुल के पास नहर में अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। कोरबा अंचल के राताखार क्षेत्र में जोड़ा पुल के नीचे नहर में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश तैरती हुई मिली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने शव को देखा तो अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला।

प्रारंभिक जांच में मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में हत्या या दुर्घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।