गेवरा खदान पंप शेड में केबल चोरी की कोशिश: विरोध पर पंप ऑपरेटरों पर जानलेवा हमला, 2 घायल

कोरबा। एसईसीएल की गेवरा कोयला परियोजना (कोरबा-पश्चिम क्षेत्र) में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गत रात्रि खुसरुडीह पंप शेड में अज्ञात बदमाशों ने केबल चोरी करने की कोशिश की, जिसका विरोध करने पर ड्यूटी पर तैनात दो पंप ऑपरेटरों पर जानलेवा हमला कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रात में 4 से 5 अज्ञात व्यक्ति पंप शेड में घुसे और केबल काटने का प्रयास करने लगे। ड्यूटी पर मौजूद पंप ऑपरेटर मोहन सिंह और दुलार साय ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीनकर फेंक दिए, ताकि तुरंत सूचना न पहुंच सके और वे मौके से फरार हो सकें।

घटना के बाद सहकर्मियों ने दोनों घायलों को तत्काल नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, गेवरा पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

मामले की सूचना प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों (सीआईएसएफ) को दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

यह घटना गेवरा खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है। जहां प्रबंधन और सीआईएसएफ सुरक्षा के दावे करते हैं, वहीं ऐसी घटनाएं जमीनी हकीकत को उजागर कर रही हैं। कर्मचारियों में आक्रोश है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।