कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के सख्त निर्देशों पर जिला प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिलेभर में एक बड़े पैमाने पर समन्वित कार्रवाई की। एक ही दिन में 26 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी जब्त किए गए, जिससे अवैध गतिविधियों पर कड़ा संदेश दिया गया है कि अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विभिन्न अनुविभागों में हुई कार्रवाई के प्रमुख बिंदु:
कोरबा एसडीएम सरोज महिलांगे के नेतृत्व में तहसीलदार बरपाली सत्यपाल राय और टीम ने ग्राम चिचोली में छापेमारी की। यहां अवैध रेत परिवहन के 7 प्रकरण दर्ज कर 7 ट्रैक्टर जब्त किए गए।
कोरबा तहसील में तहसीलदार बजरंग साहू की टीम ने 2 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी पकड़े। इनमें से एक ट्रैक्टर और जेसीबी बरबसपुर घाट से तथा एक ट्रैक्टर बरीडीह घाट से जब्त कर थाना उरगा को सुपुर्द किया गया।
पाली अनुविभाग में एसडीएम रोहित सिंह के मार्गदर्शन में तहसीलदार भूषण मंडावी और टीम ने 5 ट्रैक्टर जब्त किए, सभी थाना पाली में जमा कराए गए।
कटघोरा अनुविभाग में एसडीएम तन्मय खन्ना के नेतृत्व में कटघोरा, दीपका और दर्री तहसीलों में संयुक्त अभियान चला। कुल 7 ट्रैक्टर पकड़े गए (कटघोरा से 3, दीपका से 3, दर्री से 1), सभी संबंधित थानों में जमा।
पोड़ी-उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार के अनुसार आज 5 प्रकरण दर्ज हुए, जिसमें पोड़ी में 3 ट्रैक्टर और पसान तहसील में 2 ट्रैक्टर जब्त किए गए।




जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों और राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में कोई भी व्यक्ति बख्शा न जाए और नियमित छापेमारी व जब्ती सुनिश्चित की जाए। इससे पर्यावरण संरक्षण, नदी तटों की सुरक्षा और राजस्व की रक्षा में मदद मिलेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















