कोरबा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति में आ रही बाधा का असर अब आम जनता की रसोई पर भी पड़ने लगा है। जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर नई व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत उपभोक्ताओं को अब एक रिफिल के बाद अगली रिफिल के लिए 25 दिनों का इंतजार करना होगा। यह नियम तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है।
कोरबा, बालकोनगर, दर्री, कटघोरा सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की गैस एजेंसियों पर इन दिनों उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है। हालांकि प्रशासन का दावा है कि जिले में गैस का स्टॉक पर्याप्त है, फिर भी आपूर्ति को सुव्यवस्थित करने और अव्यवस्थाओं पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
बुधवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गैस वितरक एजेंसियों की बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद किसी भी तरह की अफवाह या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष जोर दिया:
25 दिन का अंतराल: किसी भी घरेलू उपभोक्ता को एक सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन के भीतर दूसरा सिलेंडर जारी नहीं किया जाएगा।
ओटीपी अनिवार्य: सिलेंडर डिलीवरी केवल ओटीपी प्रमाणीकरण के बाद ही की जाएगी। बिना ओटीपी के सिलेंडर देने पर पाबंदी रहेगी।
प्राथमिकता क्रम: स्कूलों, आश्रमों, छात्रावासों और अस्पतालों को सिलेंडर आपूर्ति में प्राथमिकता दी जाएगी।
बुकिंग क्रम: डिलीवरी का क्रम ‘फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व’ के आधार पर और बुकिंग तिथि के अनुसार ही रखा जाएगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि किसी वाणिज्यिक संस्थान में घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग या दुरुपयोग की शिकायत मिलती है, तो संबंधित संस्थान और गैस वितरक दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य अधिकारी को सभी गैस एजेंसियों पर नियमित निगरानी रखने और दैनिक स्टॉक की जानकारी खाद्य विभाग को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















