वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का कोरबा में भव्य स्वागत, इफ्तार पार्टी में हुए शामिल

ट्रांसपोर्ट नगर में लड्डुओं से तौला गया , स्कूल-हॉल के लिए एक करोड़ रुपए की घोषणा

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का कोरबा दौरा उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान जगह-जगह उनका भव्य इस्तिकबाल (स्वागत) किया गया और मुस्लिम समाज ने गर्मजोशी के साथ अपने नेता का अभिनंदन किया। डॉ. राज के साथ वक्फ बोर्ड के सदस्य फैजान सरवर खान भी मौजूद रहे।

पंतोरा से शुरू हुआ स्वागत का सिलसिला

डॉ. राज के स्वागत का सिलसिला पंतोरा से शुरू हुआ, जहां सुन्नी मुस्लिम जमात के अध्यक्ष अखलाख खान,जुम्मन खान और बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे बरमपुर पहुंचे, जहां युवाओं ने उनका अनोखे अंदाज में इस्तिकबाल किया।

जामा मस्जिद में की चर्चा

बरमपुर के बाद डॉ. राज पावर हाउस रोड स्थित जामा मस्जिद पहुंचे। यहां उन्होंने वक्फ बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि वक्फ की संपत्तियों से होने वाली आय को बढ़ाने के साथ-साथ इसका लाभ मुस्लिम समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

ट्रांसपोर्ट नगर में लड्डुओं से तौला गया

कोरबा शहर के हृदय स्थल ट्रांसपोर्ट नगर में सुन्नी मुस्लिम जमात कोरबा के द्वारा डॉ. सलीम राज का जोशो-खरोश से इस्तिकबाल किया गया। इस मौके पर पारंपरिक तरीके से डॉ. राज को लड्डुओं से तौला गया, जिससे पूरा माहौल गुलजार हो गया। डॉ. राज ने कोरबा की मुस्लिम समुदाय का आभार जताते हुए कहा कि यह प्यार उन्हें हमेशा याद रहेगा।

इफ्तार पार्टी में शामिल हुए, दी एक करोड़ की सौगात

कोरबा दौरे के अंतिम चरण में डॉ. राज कोरबा शहर की ईदगाह कब्रिस्तान कमेटी द्वारा मेहर वाटिका में आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित मंचीय कार्यक्रम में सुन्नी मुस्लिम जमात के अध्यक्ष अखलाख खान ने बताया कि समाज के लिए एक मॉडल स्कूल और मुस्लिम हॉल खोलने की योजना है, जिसके लिए वक्फ बोर्ड से सहयोग की आवश्यकता होगी।

इस पर डॉ. सलीम राज ने सहमति जताते हुए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय और राज्य वक्फ बोर्ड की ओर से शहर में स्कूल और मुस्लिम हॉल के निर्माण के लिए लगभग एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।

उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि अगले साल रमजान के पवित्र महीने में इफ्तार के मौके पर इन भवनों का शिलान्यास भी किया जाएगा।

इफ्तार कार्यक्रम में हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए और डॉ. राज के आश्वासन पर खुशी जताई।