रामसिंह अग्रवाल बोले- छोटे-छोटे कामों से मिलती है बड़ी सफलता, एकता है सबसे बड़ी ताकत
कोरबा। रेडक्रॉस सोसायटी कोरबा ने सामाजिक सरोकार और सहयोग की एक नई मिसाल पेश करते हुए अखबार वितरक संघ जिला इकाई कोरबा के कार्यालय को वाटर स्पेंसर (वाटर कूलर) भेंट किया। इस सौजन्य से संघ के कार्यालय में अब शुद्ध पेयजल की सुविधा सुनिश्चित हो गई है, जिससे प्रतिदिन कार्यालय आने वाले अखबार वितरकों एवं सदस्यों को बड़ी राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व अखबार वितरक संघ के पदाधिकारियों ने कार्यालय में पेयजल की आवश्यकता बताते हुए रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल से आग्रह किया था। श्री अग्रवाल ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत इस दिशा में पहल की और सोसायटी के संरक्षक मोहम्मद शफी से चर्चा कर वाटर स्पेंसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
इस उपलक्ष्य में 13 मार्च की शाम 8 बजे अखबार वितरक संघ कार्यालय में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, संरक्षक मोहम्मद शफी, यूथ रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन राहुल मोदी और राजू सिंह ने गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पद्मसिंह चंदेल ने की।
संघ के पदाधिकारियों ने अतिथियों का शाल-श्रीफल भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
संक्षिप्त उद्बोधन में रामसिंह अग्रवाल ने अखबार वितरक संघ के रचनात्मक कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “छोटे-छोटे कार्यों से ही बड़ी सफलता मिलती है। एकता से सभी काम आसान हो जाते हैं। अखबार वितरण करने वाले बच्चों ने संघ बनाकर एकता की जो मिसाल पेश की है, वह आने वाले दिनों में उनके लिए सुनहरा अवसर लेकर आएगी।”
उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए बताया
सदस्यता अभियान: मात्र एक वर्ष में 1000 नए सदस्य बनाकर सोसायटी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
भवन निर्माण: लगभग 80 लाख रुपये की लागत से रेडक्रॉस भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
एम्बुलेंस सेवा: 28 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई सर्वसुविधायुक्त ब्लड कलेक्शन एम्बुलेंस का शीघ्र ही लोकार्पण किया जाएगा।
श्री अग्रवाल ने अखबार वितरकों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रेरित किया, “कार्य करने का जज्बा हो तो कोई भी काम असंभव नहीं रहता। आप सभी लगे रहिए, एक दिन यह संघ अपनी पहचान खुद-ब-खुद बना लेगा।”
इस अवसर पर अखबार वितरक संघ के जिलाध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, सचिव जयसिंह नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, सहसचिव रायसिंह, रामा, कृष्ण निर्मलकर, तपेश्वर राठौर, राजकुमार पटेल, सरोज, हर्ष नेताम, राहुल, पप्पू, विजय, ओमकार, दीपक, अज्जू सहित बड़ी संख्या में संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन जिलाध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी और सभी अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि यह सहयोग संघ के लिए प्रेरणादायक है। यह आयोजन दो सामाजिक संगठनों के बीच सहयोग और एकता का सुंदर उदाहरण बना।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















