ग्रैंड एसीएन के कैमरा मैन इमानुअल तांडी का आकस्मिक निधन, प्रेस जगत में शोक की लहर

कोरबा। स्थानीय मीडिया चैनल ग्रैंड एसीएन के वरिष्ठ कैमरा मैन इमानुअल तांडी का आज शनिवार, 14 मार्च 2026 को अचानक निधन हो गया। सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा में निवासरत तांडी का यह असमय निधन बहुत कम उम्र में होने से पूरे ग्रैंड एसीएन परिवार और स्थानीय प्रेस जगत में गहरा शोक व्याप्त है।

परिजनों के अनुसार, उनके निधन के बाद अंतिम संस्कार कल रविवार, 15 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे मुड़ापार हेलीपेड के पास स्थित क्रिश्चियन कब्रिस्तान में किया जाएगा।

इमानुअल तांडी कई वर्षों से ग्रैंड एसीएन चैनल से जुड़े हुए थे और अपनी मेहनत, समर्पण तथा पेशेवर कौशल के लिए जाने जाते थे। उनके आकस्मिक जाने से सहकर्मी, पत्रकार साथी और दर्शक सभी स्तब्ध हैं।

ग्रैंड एसीएन परिवार ने एक बयान में कहा है कि तांडी का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

कोरबा के मीडिया और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।