मिनीमाता कन्या महाविद्यालय के सामने से हटाया अतिक्रमण, निगम की महिला अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

कोरबा। नगर निगम कोरबा की महिला अधिकारियों और इंजीनियरों ने दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए घंटाघर स्थित मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज के सामने लंबे समय से चले आ रहे अतिक्रमण को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी भी दी गई कि दोबारा कब्जा करने का प्रयास करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि महाविद्यालय के सामने सड़क किनारे ठेला-गुमटी लगाकर तथा बांस-बल्ली और कनात के माध्यम से कुछ लोग अवैध रूप से व्यवसाय संचालित कर रहे थे।

कॉलेज के प्रवेश द्वार और सड़क के आसपास इस तरह की गतिविधियों के कारण छात्राओं और प्राध्यापकों को आवागमन में परेशानी होती थी। साथ ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगने लगा था, जिसकी शिकायतें नगर निगम को लगातार मिल रही थीं।

इस संबंध में पहले भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद फिर से कब्जा कर लिया जाता था। इस बार नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के निर्देश पर महिला अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला। जोन कमिश्नर पवन वर्मा की मौजूदगी में जोन की महिला अधिकारी रुचि साहू, किरण साहूऔर अंजुलता तिग्गा के नेतृत्व में निगम के अतिक्रमण दस्ते ने कार्रवाई करते हुए स्थल को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया।

स्कूल-कॉलेज के आसपास ऐसी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने स्पष्ट किया है कि निगम क्षेत्र में स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास इस तरह की गतिविधियां किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होंगी।

उन्होंने अधिकारियों और फील्ड स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित की जाए। यदि कोई व्यापारी इसका उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

निगम प्रशासन का कहना है कि स्कूल-कॉलेजों के आसपास अवैध गुमठियों और ठेलों के कारण अक्सर तंबाकू उत्पाद, गुटखा,पान और सिगरेट की बिक्री होती है तथा असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगता है।

इससे छात्र-छात्राओं को अनावश्यक परेशानी होती है और असामाजिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसलिए ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखकर कार्रवाई की जाएगी।