कोरबा। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार बुधवारी बाजार क्षेत्र अब पहली बार अतिक्रमण से मुक्त हो गया है। नगर निगम की सख्त कार्रवाई से वीआईपी रोड और घंटाघर रोड के किनारे लगे ठेले-गुमटियां हटाई गईं, जिससे सड़कें चौड़ी नजर आने लगी हैं और यातायात में सुगमता आई है।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में स्वच्छता सर्वेक्षण और शहर सौंदर्यीकरण अभियान के तहत यह बड़ा कदम उठाया गया। सीएसईबी चौक से बुधवारी बाजार, आईटीआई चौक, कोसाबाड़ी चौक होते हुए घंटाघर और महाराणा प्रताप चौक तक के हिस्से को संवारा जा रहा है।
लंबे समय से बुधवारी बाजार के आसपास ठेले-गुमटियों और सड़क पर सामान सजाने से यातायात बाधित होता था, जिससे जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या बनी रहती थी।
नगर निगम ने पहले फुटपाथ पर ग्रिल लगाकर और अब बाजार के दोनों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराकर अतिक्रमण रोकने की मजबूत व्यवस्था की। अभियान के तहत ठेले-गुमटियां हटाई गईं।
खास बात यह है कि यह पहली बार हुआ है जब हटाने के बाद दूसरे दिन भी कोई ठेला या गुमटी नहीं लगी। पहले कुछ घंटों में ही दोबारा कब्जा हो जाता था, लेकिन इस बार निगम की सतत निगरानी और सख्ती से क्षेत्र पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रहा।
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है। अब सड़कें चौड़ी दिख रही हैं, जाम की समस्या कम हुई है और बाजार में आने-जाने में आसानी हो रही है। नगर निगम का यह प्रयास स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग दिलाने के साथ ही शहरवासियों को बड़ी राहत प्रदान कर रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















