‘बस संगवारी’ एप में जल्द मिलेगी ऑनलाइन टिकट सुविधा, यात्रियों को मिलेगा रियल टाइम ट्रैकिंग का लाभ

रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए करीब एक वर्ष पहले लॉन्च किए गए ‘बस संगवारी ऐप’ में अब नई सुविधा जोड़ने की तैयारी कर ली है। जल्द ही इस ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू हो जाएगी, जिससे यात्रियों को बस स्टैंड जाकर लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ऐप का मुख्य उद्देश्य बसों की रियल-टाइम लोकेशन (लाइव ट्रैकिंग), टाइमटेबल, रूट और अन्य जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना है।

वर्तमान में ऐप से 5000 से अधिक शासकीय और निजी बसों की लाइव लोकेशन ट्रैक की जा सकती है। अब इसमें ड्राइवर और कंडक्टर को भी जोड़ा जाएगा, जिससे टिकट वितरण पूरी तरह डिजिटल हो जाएगा।

परिवहन विभाग के अनुसार, अक्सर बसों में निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने की शिकायतें मिलती रहती हैं।

औचक निरीक्षण और नोटिस के बावजूद समस्या पूरी तरह नहीं रुक पा रही है। इसी को देखते हुए डिजिटल टिकटिंग और लाइव मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करने का फैसला लिया गया है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और अनियमितताओं पर लगाम लगेगी।

यात्रियों को बस संचालन से जुड़ी सभी जानकारी एक ही ऐप में मिलने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और विश्वसनीय बनेगी।

ऑनलाइन टिकट सुविधा शुरू होने के बाद यात्रा योजना बनाना और भी आसान हो जाएगा।