कोरबा को सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने कलेक्टर कुणाल दुदावत की पहल, खेल व शिक्षा पर विशेष फोकस

इंदिरा स्टेडियम, पोखरी, तालाब और सार्वजनिक स्थलों के समग्र विकास के निर्देश

पीजी कॉलेज में बनेगा रनिंग ट्रैक, लघु इनडोर स्टेडियम और कबड्डी कोर्ट

कोरबा। शहर को सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने व्यापक पहल शुरू की है। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के उद्देश्य से उन्होंने नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।

कलेक्टर ने शासकीय इंजीनियर विश्वेश्वरैया पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों के लिए एथलेटिक रनिंग ट्रैक, लघु इनडोर स्टेडियम तथा इनडोर कबड्डी कोर्ट विकसित करने के निर्देश दिए।

प्राचार्य डॉ. रेणुबाला शर्मा से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। सभी कार्य गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।

पोड़ीबहार स्थित ऑक्सीजोन का निरीक्षण कर कलेक्टर ने पाथ-वे एवं अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया तथा एमओयू के अनुरूप नियमित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिल सके।

मानिकपुर स्थित पोखरी के समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण पर बल देते हुए उन्होंने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। वहीं मुड़ापार तालाब के विकास के लिए पब्लिक-प्राइवेट-पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।

राताखार स्थित मटन मार्केट का निरीक्षण कर बाजार को सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाने हेतु आवश्यक सुविधाओं का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सर्वमंगला मंदिर स्थित उद्यान का अवलोकन किया और प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधाओं तथा हरित क्षेत्र के विस्तार के लिए समग्र योजना बनाने को कहा, ताकि यह स्थल श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके।

टीपी नगर स्थित इंदिरा स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्टेडियम एवं राजीव गांधी ऑडिटोरियम के संपूर्ण नवीनीकरण के निर्देश दिए। साथ ही स्टेडियम परिसर में हॉकी स्टेडियम और इनडोर स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने को कहा।

प्रस्तावित नालंदा परिसर के विकास पर भी चर्चा की गई, जहां यूपीएससी-पीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, अपर आयुक्त विनय मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर की इस पहल से कोरबा को आधुनिक, स्वच्छ और खेल सुविधाओं से समृद्ध शहर के रूप में विकसित करने की उम्मीद बढ़ गई है।