522 घरों में नल कनेक्शन से पानी के लिए हैंडपंपों और कुओं पर निर्भरता खत्म
कोरबा।दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में पेयजल की समस्या अब अतीत बनती जा रही है। केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत कोरबा जिले के ग्राम मांगामार में “हर घर जल” का सपना साकार हो गया है।
जिला मुख्यालय से लगभग 53 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में करीब ढाई हजार की आबादी को अब घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के तहत एक करोड़ 45 लाख 34 हजार रुपये की लागत से रेट्रोफिटिंग कार्य पूर्ण किया गया। गांव में उच्च स्तरीय पानी टंकी की स्थापना के साथ 3700 मीटर पाइपलाइन बिछाई गई और 522 घरों को नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।
गर्मियों में बढ़ जाती थी परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार पहले पेयजल के लिए हैंडपंप और कुओं पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मी के मौसम में भू-जल स्तर नीचे जाने से जल संकट विकराल हो जाता था। सुबह-सुबह पानी भरने के लिए लंबी कतारें लगती थीं और महिलाओं को घर के कामकाज के साथ पानी ढोने में घंटों मेहनत करनी पड़ती थी।


अब बदली दिनचर्या, बेहतर हुआ जीवन
अब प्रत्येक घर में नियमित रूप से नल से शुद्ध पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे न केवल जल संकट समाप्त हुआ है, बल्कि महिलाओं की दिनचर्या में भी सकारात्मक बदलाव आया है। पानी लाने में लगने वाला समय बचने से वे परिवार, बच्चों की पढ़ाई और अन्य आयवर्धक कार्यों में समय दे पा रही हैं। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से जलजनित बीमारियों में भी कमी आने की उम्मीद है।
दूरस्थ अंचलों में विकास की नई धारा
मांगामार जैसे सुदूर गांवों में घर-घर जल पहुंचाकर जल जीवन मिशन ने ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में स्थायी सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। अब ग्रामीणों को बारहों महीने घर पर ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है और हैंडपंपों पर निर्भरता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।
मांगामार में “हर घर जल” की यह पहल ग्रामीण विकास की नई इबारत लिख रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















