योनेक्स सनराइज 24वीं छत्तीसगढ़ स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन स्पर्धा का आगाज, वरिष्ठ खिलाड़ियों का जोश देख महापौर संजू देवी अभिभूत

कोरबा। स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित योनेक्स सनराइज 24वीं छत्तीसगढ़ स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025-26 का भव्य शुभारंभ सोमवार को एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना में हुआ।

उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बैडमिंटन कोर्ट में वरिष्ठ खिलाड़ियों को पूरे जोश और समर्पण के साथ खेलते देखना बेहद प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से सेहतमंद नागरिकों का निर्माण हो रहा है और कोरबा के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।

विशिष्ट अतिथि निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और खेलों के विकास हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में पूर्व अपर आयुक्त एवं संघ के संरक्षक अशोक शर्मा, अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल, सचिव मनीष कुमार तथा नेशनल रेफरी प्रताप भट्टाचार्य सहित संघ के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

75 प्लस समेत 79 ईवेंट, पहले दिन 40 मुकाबले संपन्न
23 से 27 फरवरी तक चलने वाली इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में 35 प्लस से लेकर 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक कुल 79 ईवेंट खेले जाएंगे। कुल 301 मैचों में से पहले दिन 40 मुकाबले संपन्न हुए। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स के रोमांचक मैच आयोजित किए जा रहे हैं। विशेष आकर्षण 70 और 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ खिलाड़ियों के मुकाबले हैं, जिनमें जबरदस्त उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।