किशोरी एक माह से लापता, परिजनों ने लगाई मदद की गुहार

कोरबा।खरमोरा स्थित अटल आवास क्षेत्र की एक किशोरी के लापता होने से परिजन गहरे चिंता में हैं। मामले में सिविल लाइन थाना कोरबा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।

प्रतिमा गुप्ता ने 26 जनवरी को अपनी पुत्री के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। लगभग एक माह बीत जाने के बाद भी किशोरी का पता नहीं चलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।

परिजनों को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बेटी का अपहरण कर लिया हो सकता है। किशोरी कहां है और किस स्थिति में है, इसकी कोई जानकारी न मिलने से परिवार आशंकित और व्याकुल है।

परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को उक्त किशोरी कहीं दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल परिवार या नजदीकी थाने को सूचित करें, ताकि उसे सकुशल घर वापस लाया जा सके।