अधिकारी के दौरे के बाद फिर सड़कों पर लगे ठेले, स्वच्छता अभियान पर उठे सवाल

कोरबा।स्वच्छता महा संकल्प के साथ कोरबा का नाम गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज होने के बावजूद शहर में अव्यवस्था की तस्वीर सामने आ रही है। महानदी परिसर के सामने दोबारा ठेले-गुमटी लगने और गंदगी फैलने से स्वच्छता अभियान पर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।

व्यवसायियों के अनुसार अवैध रूप से लग रहे ठेलों के कारण न केवल यातायात और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि दुकानदारों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में महानदी परिसर व्यवसायी संघ ने कोरबा नगर निगम के आयुक्त और महापौर से शिकायत की थी।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने रात्रि में क्षेत्र का निरीक्षण भी किया, लेकिन व्यवसायियों का आरोप है कि अधिकारी के जाते ही फिर से खोमचे और ठेले सड़क किनारे लग गए।

संघ का कहना है कि जब ठेला संचालकों को हटाने की बात कही जाती है तो वे उल्टे धमकी देने लगते हैं और चुनौती देते हैं कि उन्हें हटाने की हिम्मत किसी में नहीं है।

व्यवसायियों ने आरोप लगाया कि शहर में एक सिंडिकेट की तरह यह गतिविधि संचालित हो रही है, जिससे नगर निगम के करदाता दुकानदारों पर दबाव बनाया जा रहा है।

व्यवसायी संघ ने प्रशासन से मांग की है कि स्वच्छता अभियान की साख बचाने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़क किनारे लगे सभी अवैध ठेलों को हटाने की ठोस कार्रवाई की जाए।