कोरबा।जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने बुधवार को जनपद पंचायत कोरबा एवं करतला क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित नल-जल योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। गुणवत्ताहीन और धीमी प्रगति वाले कार्यों पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
लापरवाही पर नोटिस जारी करने के निर्देश
ग्राम सरगबुंदिया, सालिहाभांठा और तुमान में आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। ग्राम सरगबुंदिया में कार्य में लापरवाही पाए जाने पर सीईओ ने सरपंच, सचिव और सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, पूर्व में स्वीकृत निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाने के कारण सरगबुंदिया बस्ती में प्रस्तावित नए आंगनबाड़ी भवन को निरस्त करने के आदेश भी दिए।
ग्राम सालिहाभांठा में निर्माण कार्य संतोषजनक पाया गया, जिसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम तुमान के भांठापारा स्थित आंगनबाड़ी भवन में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर सचिव और सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
तुमान के सड़कपारा में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी को जल्द पूर्ण करने तथा इमली टिकरा में भूमि विवाद के कारण लंबित कार्य को 15 दिवस के भीतर शुरू कराने के निर्देश दिए गए। अन्यथा भवन निरस्त करने की चेतावनी दी गई।
ग्राम पंचायत धोराभाटा में भी गुणवत्ताहीन निर्माण पाए जाने पर सरपंच, सचिव एवं तकनीकी सहायक के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन कार्यों का भी किया निरीक्षण
इसके पश्चात सीईओ श्री नाग ने करतला जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत गाढ़ापाली एवं सालिहाभाटा में नल-जल योजना की पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से चर्चा कर जल आपूर्ति की स्थिति जानी और योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए सामुदायिक सहभागिता पर बल दिया।
ग्राम सालिहाभाटा में उन्होंने पेयजल योजना के दीर्घकालीन संचालन हेतु विद्युत बिल भुगतान के लिए ग्राम पंचायत द्वारा उपयुक्त कर निर्धारण करने की बात कही।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















