श्रमिकों का सशक्तिकरण ही विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला: लखनलाल

सम्मेलन में 3110 श्रमिकों को 1.23 करोड़ की सहायता राशि वितरित

कोरबा। टीपी नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में श्रमिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सम्मेलन में 3110 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 1 करोड़ 23 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की गई।

मंत्री देवांगन ने कहा कि श्रमिक प्रदेश की रीढ़ हैं और उनके खून-पसीने की मेहनत से ही विकास संभव हो पा रहा है।

उन्होंने बताया कि विगत दो वर्षों में श्रमिकों एवं उनके परिवारों को डीबीटी के माध्यम से 800 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में श्रमिकों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल,असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल एवं श्रम कल्याण मंडल अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, श्रमिक सियान सहायता योजना, निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता वितरित की गई।

मंत्री ने बताया कि श्रमिकों के बच्चों के लिए मेरिट में आने पर 1 लाख रुपये की मेधावी छात्रवृत्ति तथा विदेश में अध्ययन हेतु 50 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। उन्होंने श्रमिकों से योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और अन्य साथियों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह एवं नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

सम्मेलन स्थल पर विभागीय स्टॉल के माध्यम से श्रमिकों का पंजीयन एवं नवीनीकरण किया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जिससे श्रमिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिला।