आज से शुरू होगा पाली महोत्सव 2026, उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे शुभारंभ

कोरबा।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 एवं 16 फरवरी को ग्राम पंचायत केराझरिया स्थित पाली महोत्सव मैदान में पाली महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। दो दिवसीय यह महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक संगीत का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा।

15 फरवरी की शाम 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट में शिव आरती एवं दीपोत्सव के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वाणिज्य, श्रम, उद्योग, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे।

समारोह में सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत, विधायक प्रेमचंद पटेल, तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल,नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल तथा ग्राम पंचायत केराझरिया की सरपंच श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैंकरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

सुरमयी शामों से सजेगा महोत्सव
शुभारंभ अवसर पर लोकप्रिय संगीत समूह Meet Bros, गायिका खुशबू ग्रेवल और गायक सलमान अली अपने गीतों से समां बांधेंगे। छत्तीसगढ़ी कलाकार दीपक साहू एवं गायक ऋषिराज पांडेय लोक संस्कृति की प्रस्तुति देंगे। कठपुतली नृत्य भी विशेष आकर्षण रहेगा।

युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 15 फरवरी को साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।

16 फरवरी को होगा समापन समारोह
महोत्सव का समापन समारोह 16 फरवरी की शाम 7 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहेंगे तथा अध्यक्षता सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत करेंगी।

समापन संध्या में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक अनुज शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर अपने चर्चित गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। साथ ही लवली शर्मा द्वारा सितार वादन, स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं कठपुतली नृत्य की प्रस्तुति भी होगी।

पाली महोत्सव 2026 धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक एकता और मनोरंजन का भव्य उत्सव साबित होगा, जिसमें क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को यादगार बनाएंगे।