कोरबा।कोरबा नगर निगम क्षेत्र के टी.पी. नगर जोन अंतर्गत बंगाली चाल में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या अब दूर होने जा रही है। साथ ही वार्ड क्रमांक 15 एवं 09 में भी पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
रविवार को टी.पी. नगर स्थित टैगोर उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने पेयजल व्यवस्था से जुड़े सवा 87 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
मंत्री श्री देवांगनऔर महापौर श्रीमती राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य शीघ्र प्रारंभ कर ग्रीष्म ऋतु से पूर्व इन्हें पूर्ण किया जाए, ताकि वार्डवासियों को समय पर इसका लाभ मिल सके।
नगर निगम द्वारा टी.पी. नगर जोन के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 में टी.पी. नगर चौक से सुनालिया केनाल ब्रिज, बंगाली चाल तथा महाराजा होटल से पावर हाउस रोड तक 73 लाख 28 हजार रुपये की लागत से डी.आई. पाइपलाइन बिछाई जाएगी। वहीं वार्ड क्रमांक 09 (इमलीडुग्गू) क्षेत्र में विभिन्न मोहल्लों में 14 लाख 01 हजार रुपये की लागत से ओ.पी. वी.सी.पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि निगम क्षेत्र की दूरस्थ बस्तियों तक पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 36 करोड़ रुपये की लागत से जलप्रदाय विस्तार योजना भी शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में नगर निगम कोरबा क्षेत्र में 800 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है और आगे भी विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि बंगाली चाल में विशेषकर गर्मी के मौसम में पानी की गंभीर समस्या रहती थी, जिसे अब दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री के सहयोग और राज्य शासन के मार्गदर्शन से निगम क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















