कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना उरगा पुलिस ने “सजग कोरबा” अभियान के तहत विशेष जागरूकता पहल की।
अभियान के अंतर्गत शहर के बैंकों, वित्तीय संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में संभावित लूट, ठगी एवं चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए नागरिकों को सतर्क रहने का संदेश दिया जा रहा है।
पुलिस द्वारा छत्तीसगढ़ी भाषा में तैयार किए गए जागरूकता पैंपलेट बैंक परिसरों सहित अन्य प्रमुख संस्थानों में लगाए गए हैं। इसके साथ ही ऑडियो संदेशों के माध्यम से भी आमजन को सावधान किया जा रहा है।
पैंपलेट्स के जरिए सुरक्षित लेन-देन, संदिग्ध व्यक्तियों से दूरी बनाए रखने तथा किसी भी असामान्य गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है।
जागरूकता संदेशों में प्रमुख रूप से यह अपील की गई है कि बैंक से पैसे निकालते समय अकेले न जाएं, अनजान लोगों के झांसे में न आएं, नकदी को वाहन में लापरवाही से न छोड़ें, सुनसान रास्तों से बचें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं सजग रहें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि समय रहते अपराधों को रोका जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
