उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने निषाद केवट समाज को दी 30 लाख के विकास कार्यों की सौगात

महाराजा गुहा निषादराज जयंती एवं राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन में हुए शामिल

कोरबा। नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन रविवार को बुधवारी स्थित छत्तीसगढ़ निषाद (केवट) समाज द्वारा आयोजित महाराजा श्री गुहा निषादराज जयंती एवं राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने महाराजा गुहा निषादराज की पूजा-अर्चना कर समाज के सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में मंत्री श्री देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में निषाद केवट समाज को 30 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि मंत्री श्री देवांगन ने बीते वर्ष समाज के कार्यक्रम में इन कार्यों का भूमिपूजन किया था।

रविवार को समाज भवन में बाउंड्रीवाल, किचन शेड, अतिरिक्त कक्ष एवं बोर निर्माण कार्यों का लोकार्पण विधिवत संपन्न हुआ।

इस अवसर पर समाजजनों ने मंत्री श्री देवांगन का महामाला से भव्य अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि निषाद केवट समाज का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें प्रारंभ से मिलता रहा है। महाराजा श्री गुहा निषादराज के आशीर्वाद से ही आज समाज को इतने महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह विष्णुदेव साय सरकार की जनकल्याणकारी सोच का परिणाम है। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन शहर, जिले और सभी समाजों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद, सभापति नूतन सिंह, पार्षद नरेंद्र देवांगन,युगल कैवर्त,किशन कैवर्त, भाजपा मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रदीप कैवर्त, समाज के जिला अध्यक्ष ललित कैवर्त, कोषाध्यक्ष संतोष कैवर्त, महिला अध्यक्ष श्रीमती पूनम कैवर्त, युवा अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही।