कोरबा पुलिस की सख्त कार्रवाई: एक सप्ताह में 59 फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार

कोरबा । जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा जिला पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों में विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने 24 कथित वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 09 स्थायी वारंटी शामिल हैं, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे। इसके अलावा विभिन्न मामलों में 33 कथित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर फरार आरोपियों को पकड़कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। बीते एक सप्ताह में कुल 59 कथित आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई पूरी की जा चुकी है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध या अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री की सूचना नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।