संपूर्णता अभियान 2.0 के लक्ष्य समन्वय और सहभागिता से करें पूरे : मंत्री लखनलाल देवांगन

कोरबा।कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को आपसी समन्वय और जनभागीदारी के साथ समयसीमा में पूर्ण किया जाए। वे नीति आयोग द्वारा संचालित संपूर्णता अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री देवांगन ने कहा कि आकांक्षी जिले के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सरपंचों सहित सभी जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता और विभागीय अधिकारियों के बेहतर समन्वय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में अग्रसर है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

बैठक में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि कोरबा जिला लंबे समय से आकांक्षी जिला श्रेणी में शामिल है। संपूर्णता अभियान 1.0 में बेहतर प्रदर्शन के चलते जिले को प्रोत्साहन भी प्राप्त हुआ था।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जानकारी दी कि शासन द्वारा आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक योजनाओं का प्रभावी संचालन कर विकास की गति तेज की जा रही है। उन्होंने बताया कि आगामी तीन माह के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके आधार पर फील्ड स्तर पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर पार्षद नरेन्द्र देवांगन एवं जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग ने संपूर्णता अभियान के उद्देश्यों और प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।