कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर 25 जनवरी से बाइक पेट्रोलिंग अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत रविवार देर शाम छह बाइकों पर सवार पुलिस टीम ने शहर में गश्त की। इस विशेष पेट्रोलिंग की कमान खुद कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने संभाली और वे बाइक पर सवार होकर टीम के साथ विभिन्न इलाकों में पहुंचे।
टीम ने सबसे पहले घंटाघर स्थित टी बार क्षेत्र में दबिश दी, जहां हाल ही में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। पुलिस ने दुकानदारों और आसपास खड़े युवकों से विस्तृत पूछताछ की और शांति व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले छह बाइक सवारों के खिलाफ भी त्वरित कार्रवाई की गई।


इसके बाद पेट्रोलिंग टीम मानिकपुर चौकी क्षेत्र के हेलीपैड मैदान पहुंची, जहां कुछ युवक कार से आए थे और खुले मैदान में आग जलाकर प्री-वेडिंग शूट कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शूट तुरंत रुकवाया और सभी से पूछताछ की। जांच के बाद दूल्हा-दुल्हन सहित संबंधित लोगों को मानिकपुर चौकी ले जाया गया, जहां उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई की पूरी जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह बाइक पेट्रोलिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, असामाजिक गतिविधि या कानून उल्लंघन पर बिना किसी नरमी के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पहल से शहर में सुरक्षा की भावना मजबूत होने के साथ ही छोटे-मोटे उल्लंघनों पर भी त्वरित नकेल कसी जा रही है, जिसकी सराहना की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















