कोरबा।जिले में वन्य प्राणियों के अवैध शिकार और उनके अंगों की तस्करी में लिप्त गिरोह सक्रिय होता जा रहा है। इसी कड़ी में वन विभाग ने कटघोरा वनमंडल के अंतर्गत ग्राम बारीउमराव और लीमपानी से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जंगली सुअर के अवशेष बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लीमपानी निवासी एक व्यक्ति द्वारा जंगली सुअर का शिकार किया गया है।
सूचना पर वन विभाग की टीम गठित कर लीमपानी में संदिग्ध के घर पर दबिश दी गई। पंचों की उपस्थिति में की गई तलाशी के दौरान लगभग 5 किलोग्राम जंगली सुअर का कच्चा मांस, दो पुराने जबड़े तथा तीन पैर बरामद किए गए।
इसके अलावा शिकार में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किए गए, जिनमें दो कुल्हाड़ी, एक परसुल, दो हंसिया, स्टील वायर (सेट्रिंग तार) के चार बंडल और लकड़ी का गुटका शामिल है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पलमापहाड़ क्षेत्र में फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार किया था, जिसमें फंसने से सुअर की मौत हो गई।
आरोपी ने यह भी बताया कि गांव के तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उसने मौके पर ही सुअर को काटा और मांस आपस में बांट लिया, जबकि कुछ मांस पकाकर खा लिया गया। साक्ष्य, बयान, पंचनामा और जब्त सामग्री के आधार पर वन विभाग ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 44, 48(क), 51 एवं 52 के तहत पी.ओ.आर. क्रमांक 32/01 दर्ज किया गया है।
24 जनवरी को सभी आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, पाली के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें 6 फरवरी 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में कटघोरा जेल भेज दिया गया। वन विभाग ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















