कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य: सुबह 10 बजे तक करनी होगी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज, विलंब पर होगी कार्रवाई

कोरबा। जिला प्रशासन ने सभी सरकारी विभागों में आधार एवं फेस आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम को सख्ती से लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को स्पष्ट आदेश दिया है कि वे स्वयं निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें और अपने अधीनस्थ अधिकारियों- कर्मचारियों की भी समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित कराएं तथा सुबह 10 बजे तक ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज कराएं।

कलेक्टर ने कहा कि यदि बायोमेट्रिक सिस्टम में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो तत्काल एनआईसी (राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र) से समन्वय स्थापित कर उसका समाधान कराया जाए। देर से आने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नोटिस जारी किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

इस आदेश का उद्देश्य कार्यालयीन अनुशासन को मजबूत करना तथा कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करना है। सभी विभागों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।