कोरबा।: लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी द्वारा संचालित आईएएस व्यावसायिक पाठ्यक्रम (चरण-1) के शीतकालीन अध्ययन यात्रा (डब्ल्यूएसटी) पर आए 2025 बैच के आईएएस अधिकारी प्रशिक्षुओं के एक समूह ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की गेवरा कोयला खदान का दौरा किया।
यह भ्रमण वाणिज्य, उद्योग, वित्त एवं अर्थव्यवस्था तथा संसाधन क्षेत्र मॉड्यूल का महत्वपूर्ण हिस्सा था। दौरे का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और रणनीतिक संसाधन क्षेत्रों के कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना था।
एशिया की सबसे बड़ी खुले मुहाने वाली गेवरा कोयला खदान में प्रशिक्षुओं को बड़े पैमाने पर खुले खनन कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षुओं ने खदान स्थल का निरीक्षण किया और कोयला उत्पादन की प्रक्रिया, खदान योजना, सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली तथा आधुनिक खनन तकनीकों को करीब से देखा।
एसईसीएल के अधिकारियों ने राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा में कंपनी की महत्वपूर्ण भूमिका, पर्यावरण प्रबंधन, सतत खनन पहल, वैज्ञानिक भूमि सुधार तथा सामुदायिक विकास से जुड़ी गतिविधियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिए। इस दौरान उच्च उत्पादन के साथ पर्यावरणीय संतुलन, कड़े नियामकीय अनुपालन और पारिस्थितिक जिम्मेदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने इन प्रयासों की सराहना की और इसे ऊर्जा क्षेत्र में संतुलित एवं जिम्मेदार विकास का बेहतरीन उदाहरण बताया। यह दौरा भविष्य के प्रशासकों को व्यावहारिक ज्ञान और नीति निर्माण की गहन समझ प्रदान करने में उपयोगी साबित होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

