कोरबा में क्रिकेट इतिहास रचने जा रहा मीना जैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट, आज से होगा भव्य शुभारंभ

कोरबा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए कोरबा शहर में आज से एक भव्य, आधुनिक और ऐतिहासिक क्रिकेट आयोजन का शुभारंभ होने जा रहा है। मीना जैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन आज नगर निगम महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में किया जाएगा। अत्याधुनिक तकनीक, शानदार व्यवस्थाओं और रात्रिकालीन रोमांच के साथ यह टूर्नामेंट कोरबा के क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

यह आयोजन 2 जनवरी से 5 जनवरी तक कोरबा का पहला इंटर-स्कूल फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट होगा। इसके बाद 6 जनवरी से 10 जनवरी तक स्टेट लेवल ओपन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। दोनों ही प्रतियोगिताओं के सभी मुकाबले पूरी तरह फ्लड लाइट में खेले जाएंगे।

सभी मैच प्रतिदिन शाम 6 बजे से घंटाघर ओपन थिएटर, कोरबा में आयोजित होंगे, जहां दर्शकों को रात्रिकालीन क्रिकेट का रोमांचक और प्रोफेशनल अनुभव मिलेगा।

स्टेट लेवल टूर्नामेंट को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए आयोजकों द्वारा प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये एवं द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। बड़े इनाम की वजह से प्रदेशभर की कई मजबूत और प्रतिष्ठित टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं।

आयोजन की एक विशेष उपलब्धि यह भी है कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण ‘कोरबा लाइव’ पर किया जाएगा। साथ ही दर्शकों को लाइव कमेंट्री, थर्ड अंपायर कॉल और रिव्यू सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी, जो आमतौर पर बड़े प्रोफेशनल टूर्नामेंट में ही देखने को मिलती हैं।

दर्शकों के लिए भी आयोजन में खास आकर्षण रखा गया है। मैच के दौरान कैच पकड़ने वाले दर्शकों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

आज 2 जनवरी को उद्घाटन मुकाबले के रूप में नगर निगम 11 बनाम प्रेस क्लब 11 के बीच एक सद्भावना मैच खेला जाएगा, जो खेल भावना के साथ सामाजिक सौहार्द का संदेश देगा।

टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय लखनलाल देवांगन, उद्योग एवं वाणिज्य कर मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन, की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

मीना जैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करेगा, बल्कि कोरबा को प्रदेश के क्रिकेट मानचित्र पर एक नई और विशिष्ट पहचान भी दिलाएगा।