स्वच्छ कोरबा में गंदगी पर सख्ती: होटल सेंटर पॉइंट पर 20 हजार का जुर्माना, SECL को 25 हजार की पेनाल्टी

कोरबा। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में देशभर में 8वीं रैंक हासिल करने वाले कोरबा शहर में जहां स्वच्छता पर लगातार काम हो रहा है, वहीं कुछ स्थानों पर लापरवाही अब भी साफ दिखाई दे रही है। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र स्थित होटल सेंटर पाइंट में मंगलवार को हुई कार्रवाई इसी का उदाहरण है।

नगर निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान होटल परिसर में चारों ओर गंदगी, अपशिष्ट को नालियों में बहाते देख गंभीर नाराजगी जताई। साथ ही, होटल प्रबंधन द्वारा विवाह समारोहों की सूचना नियमानुसार न देने तथा प्रतिबंधित सामग्री के उपयोग की भी पुष्टि हुई।

स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी के नेतृत्व में की गई जांच में होटल को नियम विरुद्ध पाया गया, जिसके बाद 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। निगम ने निर्देश दिया है कि होटल प्रबंधन तीन दिनों के भीतर स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कर रिपोर्ट प्रस्तुत करे, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एसईसीएल को भी मिला नोटिस और जुर्माना

इससे पहले निगम ने साफ-सफाई में लापरवाही बरतने पर एसईसीएल कोरबा को फटकार लगाते हुए 25 हजार का जुर्माना लगाया था। उनके एसएलआरएम सेंटर में गंदगी तथा नियमों के उल्लंघन की शिकायतें सत्य पाई गईं। निगम का कहना है कि स्वच्छता अभियान में सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, और जहां भी लापरवाही मिलेगी, सख्त कदम उठाए जाएंगे।