सागबाड़ी स्कूल में दूर हुई शिक्षकों की कमी, दो शिक्षक मिलने से पढ़ाई में आई तेजी

कोरबा। विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा के वनांचल ग्राम सागबाड़ी स्थित प्राथमिक शाला में वर्षों से बनी शिक्षकीय परेशानी अब समाप्त हो गई है। अतिरिक्त शिक्षक की पदस्थापना के बाद स्कूल में पढ़ाई का माहौल बेहतर हो गया है।

पहले स्कूल में केवल एक शिक्षक के भरोसे सभी कक्षाएं संचालित होती थीं, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा था। समस्या को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाए जाने के बाद संज्ञान लिया गया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने अतिशेष शिक्षकों को रिक्त पदों वाले स्कूलों में भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

इसी के तहत 5 जून 2025 को मनोज चंद्रा ने सहायक शिक्षक के रूप में शाला में ज्वाइन किया। प्रधान पाठक राम सिंह ने बताया कि एकमात्र शिक्षक के रूप में सभी कक्षाओं को पढ़ाना चुनौतीपूर्ण था, साथ ही कई प्रशासनिक दिक्कतों का भी सामना करना पड़ता था।

नए शिक्षक की तैनाती के बाद अब दो शिक्षक नियमित रूप से बच्चों को पढ़ा रहे हैं। विद्यार्थियों ने भी बदलाव को महसूस किया है। कक्षा पाँचवीं के छात्र बुधवार सिंह ने कहा कि पहले पढ़ाई में परेशानी होती थी, लेकिन अब सभी कक्षाओं में समय पर पढ़ाई होती है।

कक्षा चौथी की प्रिया, कक्षा दूसरी की रोशनी और कक्षा तीसरी के सतीश यादव ने भी बताया कि अब कोई भी पीरियड खाली नहीं रहता और गुरुजी नियमित रूप से आते हैं।

बच्चों ने यह भी बताया कि उन्हें समय पर सुबह का नाश्ता और मध्याह्न भोजन मिलता है, जिससे विद्यालय में पढ़ाई के प्रति उनकी रूचि बढ़ी है। स्कूल में हुए इस सकारात्मक बदलाव से शिक्षक, विद्यार्थी और ग्रामीण सभी संतुष्ट हैं।