कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हथियार लेकर घूमते मिले एक युवक को पुलिस और साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से जिंदा कारतूस भी मिले। इस मामले में पुलिस ने एक डॉरमेट्री संचालक को भी पकड़ा है। उस पर बिना दस्तावेज के आरोपी को आवास सुविधा देने का आरोप है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बिहार के सीतामढ़ी जिले के राहुल सिंह से पुलिस ने एक देशी कट्टा और 32 जिंदा कारतूस जप्त किए है। राहुल नेपाल के सीमावर्ती सीतामढ़ी जिले का रहने वाला बताया गया है। दावा किया जा रहा है कि उसकी दोस्ती कोरबा की एक युवती से फ्री फायर गेम के माध्यम से हुई थी। मामला आगे बढ़ा तो युवती से मिलने कोरबा आया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल पिछले छह दिनों से श्रीराम डॉरमेट्री में रुका हुआ था। राहुल को लेकर ऐसी खबर मिली कि वह हथियार लेकर घूम रहा है जिस पर किसी व्यक्ति ने पुलिस को अवगत कराया। अधिकारियों तक यह बात गई और इसके बाद राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि आरोपी राहुल सिंह के कब्जे से पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। राहुल सिंह एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ बिहार में भी कई मामले दर्ज हैं।
एएसपी ने बताया कि इस प्रकरण में डॉरमेट्री संचालक बबलू यादव को भी आरोपी बनाया गया है। जिसने बिना किसी वैध दस्तावेज के राहुल को अपने यहां रहने की सुविधा दी।
पुलिस ने आम लोगों से कहा कि अपने आसपास के क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध को देखे जाने पर इसकी सूचना पुलिस को दें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















