केनाल पर फ्री इंटरसेक्शन ब्रिज से जाम की समस्या दूर,10 वार्डों का ट्रैफिक डायवर्ट होगा; सर्कस मैदान में 36 करोड़ का शॉपिंग मॉल प्रस्तावित

कोरबा। लंबे समय से कोरबा नगर के पॉवर हाऊस रोड में नहर पुल के आसपास दिन और रात में जाम लगने की समस्या के कारण न केवल लोग परेशान है बल्कि ट्रैफिक पुलिस को भी दिक्कत हो रही है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने इस समस्या का हल खोजने के लिए नए पुल की घोषणा की थी। उक्तानुसार फ्री इंटरसेक्शन ब्रिज और इसकी डीडीएम रोड में कनेक्टिविटी का काम जल्द करने के लिए डीपीआर तैयार करने को प्रशासन ने कहा है।

कलेक्टर अजीत वसंत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र और प्रस्तावित कार्यस्थल का निरीक्षण किया। बताया गया कि 9 करोड़ से यहां पर नए निर्माण कराए जाएंगे। अधिकारियों ने नहर पुल के साथ भविष्य में ट्रैफिक डायवर्ट किए जाने वाले क्षेत्र और रोड की नवीन कनेक्टिविटी से होने वाले लाभ के बारे में भी मंथन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे यथाशीघ्र डेली प्रोग्रेस रिपोर्ट भी तैयार करें।

बताया गया कि नहर में समानांतर पुल का निर्माण कराया जाना है जो कि इंटरसेक्शन नेचर का ब्रिज होगा। इसी के साथ इसे दूसरी तरफ कनेक्ट करने से कम से कम कोरबा शहर के 10 वार्डों के ट्रैफिक को बड़ी आसानी से डायवर्ट किया जा सकेगा। इसके जरिए मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम की समस्या काफी हद तक निराकृत की जा सकेगी।

आम लोगों और वाहन चालकों को हर रोज की समस्या से मुक्ति मिलेगी। बताया गया कि संपूर्ण कार्य के लिए समय सीमा तय की जा रही है। जल्द ही टेंडर के साथ अगली प्रक्रियाओं को पूरा किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि केनाल पर नए ब्रिज के निर्माण व इसे दूसरी रोड में कनेक्ट करने से लोगों को नए विकल्प प्राप्त हो सकेंगे। इसके जरिए शहर की एक बड़ी जटिल समस्या का समाधान हो सकेगा।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, प्रकाश चन्द्रा, तपन तिवारी, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत, राहुल मिश्रा, आकाश अग्रवाल, गुलिस्ता साहू, किरण साहू, सुमित गुप्ता, शैलेन्द्र नामदेव आदि के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

सर्कस मैदान में 36 करोड़ से शॉपिंग मॉल प्रस्तावित
खबर के अनुसार नगर पालिक निगम कोरबा ने बुधवारी स्थित सर्कस मैदान का उपयोग शॉपिंग मॉल के लिए करना तय किया है। सेल्फ फायनेंस स्कीम के अंतर्गत यह काम होना है। इस योजना पर लगभग साढ़े 36 करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे। शॉपिंग मॉल में 125 दुकानें व आफिस, पार्किंग, कैफेटेरिया, सर्वसुविधायुक्त एसी सिस्टम आदि सहित अन्य निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

कलेक्टर अजीत वसंत ने स्थल का निरीक्षण करते हुए उक्त संबंध में रूचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।