कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा अनुविभाग में सरकारी जमीनों की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। पटवारी जितेंद्र कुमार भावे की मिलीभगत से सरकारी भूमि को निजी नाम पर दर्ज कर ऋण पुस्तिका जारी की गई और नामांतरण भी कर दिया गया। इस अवैध कार्य के उजागर होने पर पटवारी को निलंबित कर दिया गया है। अब कलेक्टर अजित वसंत ने पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम को निर्देश जारी कर दो व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने का आदेश दिया है, जिन्होंने सरकारी जमीन को दूसरे जिले के बैंकों में गिरवी रखकर कर्ज लिया।
कलेक्टर के आदेश में बताया गया है कि ग्राम लालपुर (पो.हो.नं. 20 रा.नि.मं.-कोरबी तहसील, पोड़ी उपरोड़ा) में स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 89/1 के अंश 89/82, 89/83, 89/84, 89/85 (कुल 4 खसरा, रकबा 9.0340 हेक्टेयर) का बंटवारा किया गया। यह भूमि शिवचरन पिता ईतवारी (जाति महरा, अनुसूचित जनजाति) के नाम पर दर्ज है। उक्त खसरा एक्सिस बैंक, दुर्ग (शाखा कोड यूटीआईबी0000590) में 30 सितंबर 2024 को बंधक है। भूमि के बी-1 कैफियत में नामांतरण क्रमांक 5505047/2802824/02984/10.02.2024 दर्ज है, लेकिन यह नामांतरण पंजी में दर्ज नहीं है।
इसी प्रकार, ग्राम घुचांपुर (पो.हो.नं. 20 रा.नि.मं.-कोरबी तहसील, पोड़ी उपरोड़ा) में खसरा नंबर 206/1 का अंश 206/8 (रकबा 1.8760 हेक्टेयर), 208/1 का अंश 208/11 (रकबा 0.833 हेक्टेयर) और खसरा 208/12 (रकबा 1.886 हेक्टेयर) का बंटवारा हुआ। कुल 3 खसरा, रकबा 4.595 हेक्टेयर। यह भूमि अजय यादव पिता हीरावन (जाति रावत, अन्य पिछड़ा वर्ग) के नाम पर दर्ज है।
उक्त खसरा आईडीएफसी फर्स्ट बैंक लिमिटेड, बेमेतरा ब्रांच (शाखा कोड आईडीएफबी00061411) में 30 सितंबर 2024 को बंधक है।
कुल 7 खसरा नंबरों पर 13.629 हेक्टेयर भूमि का षड्यंत्र रचकर राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी की गई। संबंधित व्यक्तियों ने कूटरचना कर गैरकानूनी तरीके से आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से यह कृत्य किया, जो गंभीर अपराध है।
पटवारी जितेंद्र कुमार भावे को निलंबित करने के बाद कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिया है कि शिवचरन और अजय यादव के खिलाफ प्राथमिक सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराएं। जांच पूरी होने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह मामला सरकारी भूमि के संरक्षण और राजस्व प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि इस तरह के अवैध कार्यों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















