फर्जी सिम कार्ड गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार, 100 से अधिक सिम बरामद

रायपुर। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। इस ऑपरेशन में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें महाराष्ट्र के नासिक और नागपुर के दो आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 100 से अधिक प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, इन सिम कार्ड्स का इस्तेमाल टेलीग्राम रिव्यू टास्क, ऑनलाइन जॉब स्कैम, पहचान की चोरी, फर्जी शेयर ट्रेडिंग और सस्ते सामान के बहाने साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था। जांच में अब तक 18.52 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।

थाना सिविल लाइन, रायपुर में अपराध क्रमांक 290/25 के तहत धारा 317(2), 317(4), 317(5), 3(5) बीएनएस और 42(3) टेलीग्राफ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। तकनीकी जांच में 41 सिम कार्ड साइबर अपराध से जुड़े पाए गए। पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी:
शिवानंद चौहान (34 वर्ष, नासिक, महाराष्ट्र)
प्रियेष यादव (23 वर्ष, नागपुर, महाराष्ट्र)
जगमोहन भारती (39 वर्ष, डूण्डा, रायपुर)
नागेश्वर चक्रधारी (25 वर्ष, निमोरा राखी, रायपुर)
निखिल चावला (33 वर्ष, अमलीडीह, रायपुर)
बॉबी खत्री (27 वर्ष, ओम विहार तेलीबांधा, रायपुर)

सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

पुलिस बरामद सिम कार्ड्स का तकनीकी विश्लेषण कर रही है ताकि गिरोह के अन्य कनेक्शनों और साइबर अपराधों का पता लगाया जा सके।