हिंगलाजगढ़ में नवरात्र पर प्रज्ज्वलित होगी पांच शक्तिपीठों की अखंड ज्योति, कांचीपुरम के लिए रवाना हुआ समूह

कोरबा।जिले के देवपहरी क्षेत्र में विकसित हो रहे हिंगलाजगढ़ प्रकल्प में नवरात्र के अवसर पर देश के पांच प्रमुख शक्तिपीठों की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। इस अनुष्ठान के प्रथम चरण में कांचीपुरम के मीनाक्षी अम्मन मंदिर के लिए एक समूह को रवाना किया गया, जिसमें मुख्य दायित्व मातृशक्ति को सौंपा गया है।

बैगिनडभार रामपुर स्थित श्री बालाजी मंदिर में गुरुवार प्रात:काल विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मंदिर के पुरोहितों ने अनुष्ठान संपन्न कराया और समूह के सदस्यों को आशीर्वाद देकर विदा किया।

इस समूह में रूक्मणी नायर, रेखा सिंह और हारबाई यादव शामिल हैं। समूह का सम्मान कुआं भट्ठा के सेवा भारती विवेकानंद सदन में किया गया, उसके बाद ये सदस्य तमिलनाडु के लिए रवाना हो गए।

बालाजी मंदिर में आयोजित अनुष्ठान के दौरान मंदिर पुरोहितों के अलावा गौमुखी सेवाधाम हिंगलाजगढ़ प्रकल्प के कार्यकर्ता किशोर बुटोलिया, रामकिशोर श्रीवास्तव, गोपाल मोदी, अशोक तिवारी, अखिलेशमणी बालकृष्ण सिंह, कोमल बत्रा, संगीता तिवारी, अमृतलाल बत्रा, डॉ. राजीव गुप्ता, करुण सिंह राजपूत, उमेश सोनी, बालेश्वर बरेठ, लक्ष्मण श्रीवास सहित बड़ी संख्या में सज्जन शक्ति उपस्थित रही।