कटोही नाला के उफान ने तोड़ी कनेक्टिविटी, ग्रामीणों को कंधे पर ढोनी पड़ी बाइक, पुल निर्माण की मांग तेज

कोरबा।लगातार बारिश ने कोरबा के शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में समस्याओं का पहाड़ खड़ा कर दिया है। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में कटोही नाला के उफनाने से जटगा और अमाओहा जैसे क्षेत्रों की कनेक्टिविटी टूट गई, जिससे जनजीवन ठप हो गया। नाले के तेज बहाव के कारण सड़क संपर्क बाधित हुआ और लोगों को दोपहिया वाहनों को कंधे पर ढोकर एक किनारे से दूसरे किनारे ले जाना पड़ा।

जटगा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कटोही नाला ओवरफ्लो हो गया। कई घंटों तक उफान की स्थिति बनी रही, जिसने ग्राम पंचायत पचरा के आश्रित ग्राम अमाओहा में हालात को विकट कर दिया। यह नाला जटगा और अमाओहा को जोड़ता है, लेकिन बारिश के कारण आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। मरीजों को एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाना भी चुनौतीपूर्ण हो गया। बारिश थमने और जलस्तर कम होने के बाद भी जोखिम बरकरार रहा, जिसके चलते चार-पांच लोगों की मदद से दोपहिया वाहनों को नाले के पार ले जाया गया।

अमाओहा में 400 से अधिक की जनसंख्या है, जहां एक आंगनवाड़ी, प्राथमिक और मिडिल स्कूल संचालित हैं। हाई स्कूल के लिए बच्चे जटगा जाते हैं, लेकिन बारिश के दिनों में नाले के उफान के कारण बच्चों और शिक्षकों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। स्कूल और आंगनवाड़ी तक विद्यार्थियों की पहुंच बाधित हो रही है, जिससे शिक्षा पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि कटोही नाले पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने निराशा जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने कोरबा को आकांक्षी जिला घोषित किया है और राज्य सरकार कई योजनाएं लागू कर रही है, फिर भी पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।

स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि कटोही नाले पर शीघ्र पुल निर्माण किया जाए ताकि बारिश के मौसम में कनेक्टिविटी बाधित न हो और जनजीवन सामान्य रह सके। इस समस्या ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की कमी को उजागर किया है।